खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)  :दिल्‍ली शराब घोटाले के मामले में ईडी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सोमवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें अब 15 अप्रैल तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। ईडी की रिमांड आज खत्म हो गई थी. कोर्ट में ईडी ने और दिन की रिमांड नहीं मांगी और अब अरविंद केजरीवाल न्यायिक हिरासत में हैं. सीएम तिहाड़ के जेल संख्‍या-2 में रहेंगे. यहीं से वो दिल्‍ली सरकार भी चलाएंगे. सीएम से पहले जेल सख्‍या- 2 में आम आदमी पार्टी के सीनियर लीडर संजय सिंह को रखा गया था. अरविंद केजरीवाल के लिए यहां जगह बनाने के लिए जेल प्रशासन ने संजय सिंह को अब जेल संख्‍या-5 में शिफ्ट कर दिया है. सीएम इस सेल में अकेले रहेंगे. अरविंद केजरीवाल की पेशी के दौरान पत्नी सुनीता, आप नेता सौरभ भारद्वाज, आतिशी, गोपाल राय समेत कई नेता मौजूद रहे। बीती 28 मार्च को अरविंद केजरीवाल को कोर्ट ने राहत नहीं दी थी और एक अप्रैल तक के लिए ईडी की रिमांड पर भेज दिया था। ईडी ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। दिल्ली शराब घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 15 अप्रैल तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजे जाने पर पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि उन्हें जेल क्यों भेजा गया। देश की जनता इस तानाशाही के खिलाफ जवाब देगी। 

#ArvindKejriwalNews#ArvindKejriwal#DelhiLiquorScam#ED,