देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): प्रियंका गांधी कल यानि 13 अप्रैल को उत्तराखंड के दौरे पर आएंगी और दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस महासचिव का उत्तराखंड दौरा लगभग तय है। वह रामनगर और हरिद्वार में दो जनसभाएं करेंगी। वह पहले दिल्ली से सीधे रामनगर आयेंगी और स्थानीय डिग्री कॉलेज के मैदान में गढ़वाल संसदीय क्षेत्र से अपने पार्टी के प्रत्याशी गणेश गोदियाल के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके बाद वह रुड़की में जनसभा करेंगी। यहां वह पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के सुपुत्र वीरेन्द्र रावत के लिए जनसभा के माध्यम से वोट मांगेंगी। प्रियंका के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और उन्होंने जनसभा को सफल बनाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।

अब प्रियंका गांधी की चुनावी सभाओं के माध्यम से पार्टी प्रदेश में चुनावी माहौल गरमाएगी। प्रियंका की रामनगर में सभा के माध्यम से गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों को साधने की कांग्रेस की रणनीति है।वहीं कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रियंका की चुनावी सभा की कमान खुद अपने हाथों में ले रखी है। उनकी कोशिश है कि चुनावी जनसभाओं को ऐतिहासिक और सफल बनाने के साथ ही उनके माध्यम से जनता में एक संदेश दिया जा सके।  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने संबंधित जिला और ब्लाक इकाइयों को भी अधिक संख्या में व्यक्तियों को सभाओं में लाने की तैयारी में जुटने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने सभी में अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है।

#Congress#PriyankaGandhi#Election2024#UttarakhandLokSabhaElections2024#LokSabhaElection,