(स्पोर्ट्स डेस्क): इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन की विदाई यादगार साबित हुई. उन्होंने जीत के साथ टेस्ट क्रिकेट से विदाई ली. लॉर्ड्स में मेजबान इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को 114 रन से रौंद दिया. एंडरसन ने साल 2024 के मई महीने में एलान किया था कि वो जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेलने के बाद रिटायर हो जाएंगे. इसी के साथ जेम्स एंडरसन का 2003 में शुरू हुआ करियर समाप्त हो गया है. उन्होंने अपने आखिरी मुकाबले की दोनों पारियों में मिलाकर 4 विकेट झटके. एंडरसन ने अपने करियर का 188वां मैच खेला। जेम्स एंडरसन दुनिया में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज के रूप में रिटायर हुए हैं. एंडरसन ने 2003 में जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से शुरू हुए अपने टेस्ट करियर में कुल 188 मैच खेले. वहीं अपने कुल अंतर्राष्ट्रीय करियर में उन्होंने 400 मुकाबलों में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया जिनमें उनके नाम कुल 991 विकेट हैं. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 704 विकेट, वनडे फॉर्मेट में 269 विकेट और टी20 क्रिकेट में 18 विकेट लिए. भले ही 41 साल के एंडरसन करियर को विराम लगा रहे हों, लेकिन असलियत यह है कि वे अभी भी नहीं थके हैं. इस बात का खुलासा उन्होंने फेयरवेल मैच से पहले किया था. एंडरसन ने कहा था कि वे आज भी उतनी ही अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं जितनी पहले करते थे. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन (800) और शेन वॉर्न (708) रहे. मगर जेम्स एंडरसन ने एक तेज गेंदबाज होते हुए 700 से अधिक टेस्ट विकेट लेने का कारनामा कर दिखाया है, ऐसा उनसे पहले कोई नहीं कर पाया था. उनका टेस्ट करियर 704 विकेट के साथ खत्म हुआ और वेस्टइंडीज के जोशुआ डी सिल्वा उनका आखिरी शिकार बने.

#James Anderson#James Anderson Retirement,