खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल के वायनाड दौरे पर पहुंचे  हैं। प्रधानमंत्री भूस्खलन प्रभावित वायनाड में हालात का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने भूस्खलन प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे भी किया। अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी कन्नूर हवाई अड्डे से वायुसेना के हेलीकॉप्टर के जरिये वायनाड पहुंचे और 30 जुलाई को बड़े पैमाने पर हुई लैंडस्लाइड की घटनाओं से प्रभावित चूरलमाला क्षेत्र में पैदल चलकर नुकसान का जायजा लिया. वायनाड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैंने एक आपदा को बहुत करीब से देखा और अनुभव किया है। लगभग 45-47 साल पहले गुजरात के मोरबी में भारी बारिश से एक बांध पूरी तरह नष्ट हो गया था। पानी मोरबी शहर में घुस गया। पूरे शहर में 10-12 फीट पानी था। 2,500 से ज्यादा लोग मारे गए। मैं वहां एक स्वयंसेवक के रूप में करीब छह महीने तक रहा। मैं इन परिस्थितियों को भली-भांति समझता हूं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि देश और भारत सरकार आपदा से प्रभावित लोगों की मदद में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अफसरों के साथ बैठक की। बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि जब से मुझे घटना के बारे में जानकारी मिली है, तब से मैं भूस्खलन के बारे में लगातार अपडेट ले रहा हूं। केंद्र सरकार ने सभी एजेंसियों को आपदा में मदद करने के लिए लगाया। यह बहुत बड़ी आपदा है। यह सामान्य घटना नहीं है। भूस्खलन में हजारों परिवारों के सपने टूट गए। उन्होंने कहा कि मैंने राहत शिविरों में पीड़ितों से मुलाकात की और अस्पताल में घायल मरीजों से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायनाड दौरे पर अस्पताल पहुंचकर भूस्खलन पीड़ितों से बात की। उन्होंने अस्पताल में मिल रहे इलाज को लेकर जानकारी ली। 

#PMModiinWayanad #PMMODI #WayanadLandslide #WayanadDisaster #WayanadTragedy #PMModi #NarendraModi,