(स्पोर्ट्स न्यूज़): भारत आठ साल बाद एशिया कप का चैंपियन बना है। ये चौथी बार है जब भारत ने एशिया कप ट्रॉफी जीती है. टीम इंडिया के लिए सुखजीत सिंह, अमित रोहिदास ने एक-एक गोल किया और दिलप्रीत सिंह ने दो गोल दागे. वही इस जीत के साथ ही भारत ने नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है. दिलचस्प बात यह है कि भारतीय टीम इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। एशिया कप 2025 में भारतीय हॉकी टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरी दुनिया का दिल जीत लिया। भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीम बनी। भारत ने कुल 39 गोल दागे, जबकि केवल 9 गोल ही खाए। इस दौरान भारत ने अपनी आक्रामक रणनीति से मैदान पर दबदबा बनाए रखा। 

मैच के शुरुआती क्षणों में ही सुखजीत सिंह ने गोल दागते हुए टीम इंडिया को फ्रंटफुट पर ला दिया था. पहले ही क्वार्टर में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला, लेकिन गोल नहीं हो पाया. दूसरा क्वार्टर शुरू ही हुआ था, तभी जुगराज सिंह को 2 मिनट के लिए सस्पेंड कर दिया गया. टीम इंडिया के 10 खिलाड़ी मैदान पर थे, इसके बावजूद कोरियाई टीम गोल नहीं दाग पाई. दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने गोल करते हुए टीम इंडिया को 2-0 की बढ़त दिलाई. हाफ-टाइम तक भारत 2-0 से आगे था. तीसरे क्वार्टर में दक्षिण कोरिया ने बढ़िया शुरुआत की थी, लेकिन गोल दागने में टीम इंडिया सफल रही. दिलप्रीत सिंह मैच का अपना दूसरा गोल करके भारत को 3-0 से आगे ले गए. चौथे और अंतिम क्वार्टर में भी जबरदस्त टक्कर देखने को मिली, जहां सीनियर खिलाड़ी अमित रोहिदास ने भारत के लिए चौथा गोल दागा. मुकाबले में कोरियाई टीम सिर्फ एक गोल कर पाई. चारों क्वार्टर में दबदबा बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों ने यह खिताबी जीत अपने नाम की और एक बार फिर साबित किया कि हॉकी में भारत एशिया की सबसे मजबूत टीम है।

#HockeyAsiaCup2025 #Hockey #Temindia #Sportsnews,