खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को संसदीय दल की बैठक के बाद राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए की तरफ से झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है. मुर्मू के सामने विपक्ष के उम्मीदवार यशंवत सिन्हा होंगे. एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का जीतना लगभग तय माना जा रहा है. अगर वह जीतती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होने के साथ देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी. द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाना एनडीए का मास्टरस्ट्रोक बताया जा रहा है. दरअसल,  एनडीए ने उन्हें प्रत्याशी बनाकर एक तीर से कई निशानों को साधा है. नरेंद्र मोदी ने केंद्र में सत्ता संभालने के बाद सबका साथ सबका विकास का नारा दिया था. 2017 में उन्होंने दलित राष्ट्रपति बनाकर इसे साबित किया और अब आदिवासी महिला का चयन करके नारे को सिद्ध कर दिया है.