खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क):  पश्चिम बंगाल के हावड़ा में गुरुवार को रामनवमी के जुलूस पर जमकर पथराव किया गया था. इस दौरान कई गाड़ियों को भी आग लगा दी गई थी. इसके अगले दिन शुक्रवार को एक बार फिर उसी इलाके में हिंसा भड़क उठी जहां रामनवमी को हुई थी. बीजेपी ने इस हमले पर राज्य की ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने ममता बनर्जी पर जुलूस के दौरान पथराव करने वालों को क्लीन चिट देने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा "सवाल यह है कि ममता कब तक हिंदू समुदाय पर हमले करती रहेंगी." हिंसा को लेकर सियासत गरमा गई है. राज्य की ममता बनर्जी सरकार ने हिंसा की जांच सीआईडी से कराने का आदेश दिया है, लेकिन बीजेपी इससे संतुष्ट नहीं है. बीजेपी ने हिंसा की जांच एनआईए से कराने की मांग की है.  हावड़ा में हुई हिंसा पर बीजेपी ममता सरकार पर हमलावर है. बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी हावड़ा हिंसा में विदेशी साजिश बताते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी. उन्होंने कहा कि बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है. 

#Howrah Violence, #Violence In Howrah,