खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा चुनाव की तरह निकाय चुनाव में भी कमल खिलाने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। लोगों के बीच जाकर राज्य सरकार की उपलब्धियां बताने के साथ ही विपक्षियों पर वह हमलावर रहे। प्रदेश की बदली कानून-व्यवस्था से लेकर जनकल्याण के लिए उठाए जा रहे कदमों के बलबूते योगी ने निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाया है। योगी ने कहा कि छह वर्ष में यूपी की पहचान डिफेंस कॉरिडोर, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो आदि बन गए हैं। मुख्यमंत्री ने विकास के बलबूते भाजपा उम्मीदवारों को जिताने की अपील की।

दक्षिण कानपुर क्षेत्र में किदवई नगर के कमर्शियल मैदान में आयोजित जनसभा को मुख्यमंत्री योगी ने संबोधित किया। यहां उन्होंने मंच से पांच निकाय क्षेत्रों को साधने का काम किया। सीएम ने लोगों से ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला भी बोला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग गंदगी को प्यार करते थे, माफिया, अपराधियों और डकैतों को अपने गले का हार बनाते थे और बेटियों के साथ व्यापारियों की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया था, जिन लोगों ने आपको एक एक बूंद जल के लिए तरसाया है, उन्हें सबक सिखाने का यह सही समय है। योगी ने कहा कि पहले चित्रकूट में लोग शाम 6 बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। आज प्रदेश ऐसे लोगों से पूरी तरह से मुक्त है। यहीं बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से दिल्ली की दूरी मात्र 6 घंटे में तय की जा रही है। एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद दिल्ली की दूरी 1 घंटे से कम समय में पूरी होगी।

#upnews,#cmyogi,#UPNikayChunav2023,