इंडिया गठबंधन की बैठक में नीतीश कुमार ने संयोजक बनने से किया इंकार
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): नीतीश कुमार ने इंडिया गठबंधन का संयोजक बनने से इनकार कर दिया है. बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को गठबंधन का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शनिवार को इंडिया गठबंधन की वर्चुअल मीटिंग हुई जिसमें इस मुद्दे पर अलग-अलग दल के नेताओं ने अपनी बात रखी. बैठक में नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी संयोजक बनने की कोई इच्छा नहीं है बल्कि वह चाहते हैं कि गठबंधन जमीन पर मजबूत बने और बढ़ता रहे। विपक्षी गठबंधन की वर्चुअल बैठक में नीतीश कुमार ने सलाह दी कि कांग्रेस में से किसी को यह जिम्मेदारी लेनी चाहिए। विपक्षी गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व की आज हुई बैठक करीब दो घंटे चली और इस बैठक में गठबंधन को मजबूत करने, सीट बंटवारे के लिए रणनीति बनाने और गठबंधन का संयोजक बनाने पर चर्चा हुई। यह बैठक वर्चुअली हुई, जिसमें 10 पार्टियों के नेता शामिल हुए। बैठक में नीतीश कुमार, एमके स्टालिन, शरद पवार, डी राजा, मल्लिकार्जुन खरगे, उमर अब्दुल्ला, राहुल गांधी, सीताराम येचुरी, लालू यादव-तेजस्वी यादव, अरविंद केजरीवाल शामिल हैं। हालांकि बैठक से पहले ही विपक्ष को झटका लगा जब पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने इस बैठक में शामिल होने से मना कर दिया। साथ ही शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे और सपा नेता अखिलेश यादव भी विपक्षी गठबंधन की इस बैठक में शामिल नहीं हुए। दरअसल 2024 लोकसभा चुनाव को देखते हुए इंडिया गठबंधन में शामिल दलों की बैठकें हो रहीं हैं. अभी तक संयोजक पद पर फैसला नहीं हुआ है कि किसे दिया जाए. उम्मीद थी कि सीएम नीतीश कुमार को संयोजक बनाया जाएगा लेकिन मुख्यमंत्री के इनकार के बाद अब फिर से सवाल वहीं आकर अटक गया है कि संयोजक किसे बनाया जाए. ऐसा दावा किया जा रहा है कि इंडिया गठबंधन के अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खरगे का नाम तय कर लिया गया है.
#INDIA#IndiaBlocMeeting#Nitishkumar# INDIAAllianceMeeting,







