विराट कोहली टी20 विश्व कप के लिए पहुंचे न्यूयॉर्क
(स्पोर्ट्स डेस्क) : विराट कोहली टी20 विश्व कप 2024 के लिए शुक्रवार को न्यूयॉर्क पहुंच गए। विराट कोहली टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम के अन्य सदस्यों के 5 दिन बाद अमेरिका पहुंचे, लेकिन अभी भी शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ उनके अभ्यास मैच खेलने पर संशय है. टी20 विश्व कप की शुरुआत करने से पहले टीम इंडिया इकलौता वॉर्म अप मैच बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी. भारत पांच जून को आयरलैंड के खिलाफ इस वैश्विक टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेगा। इसके बाद टीम नौ जून को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगी।
बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने बताया, विराट कोहली 16 घंटे की विमान यात्रा कर यहां पहुंचे हैं. बांग्लादेश के खिलाफ शनिवार को अभ्यास मैच में उनकी भागीदारी इस बात पर निर्भर करेगी कि वह कैसा महसूस कर रहे हैं. हाल ही में खत्म हुए आईपीएल 2024 में विराट कोहली का बल्ला जमकर बोला था. वह टू्र्नामेंट के हाई स्कोरर थे, जिसके साथ उन्होंने ऑरेंज कैप अपने नाम किया था. कोहली ने 15 मैचों की 15 पारियों में 61.75 की औसत और 154.70 के स्ट्राइक रेट से 741 रन बनाए थे. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 5 अर्धशतक निकले थे. भारत ग्रुप ए में है और इस ग्रुप में पाकिस्तान, संयुक्त राज्य अमेरिका, आयरलैंड और कनाडा हैं.
#T20WorldCup2024#ICC#T20WC2024#ViratKohli#ICC#BCCI,







