कांवड़ यात्रा : दुकानदार दुकान के बाहर लिखें अपना नाम
मुज़फ्फरनगर/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस ने बुधवार को कांवड़ यात्रा मार्ग के संबंध में एक आदेश जारी किया, जिसमें कहा गया कि सभी दुकान मालिक अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अपना नाम लिखेंगे. कांवड़ यात्रा 22 जुलाई से शुरू होने वाली है। इसी के चलते मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस ने एक आदेश जारी कर कांवड़ यात्रा मार्ग पर सभी भोजनालयों को अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अपने मालिकों के नाम प्रमुखता से प्रदर्शित करने के लिए कहा। विपक्षी दलों ने इस कदम को मुस्लिम व्यापारियों को निशाना बनाने के रूप में देखा। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी प्रशासनिक अधिकारियों को होटल ढाबो पर मुस्लिम संचालकों के नाम अंकित करने के निर्देश दिए थे।इसके अतिरिक्त, यात्रा मार्गों पर शराब और मांस की दुकानें बंद रहेंगी और अधिकारियों को आवारा जानवरों को तीर्थयात्रियों के मार्ग में बाधा डालने से रोकने का निर्देश दिया गया है। ऐसा तब हुआ जब 9 जुलाई को विहिप ने दावा किया कि मुसलमान अपनी पहचान छिपाकर विभिन्न हिंदू तीर्थ स्थलों पर पूजा सामग्री बेच रहे हैं और सभी राज्य सरकारों से उन्हें ऐसी दुकानें चलाने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया ताकि हिंदुओं की आस्था को ठेस न पहुंचे।
मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि कावड़ यात्रा शुरू हो चुकी है और हमारे जनपद में लगभग 240 किलोमीटर कावड़ मार्ग है, इसमें जितने भी खान-पान के होटल ढाबे या ठेले, जहां से भी कावड़िया अपनी खाद्य सामग्री खरीद सकते हैं उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि काम करने वाले या संचालकों के नाम वहां जरूर अंकित करें ताकि किसी भी प्रकार का कोई कंफ्यूजन किसी को न रहे और कहीं भी ऐसी स्थिति ना बने की आरोप प्रत्यारोप लगे और बाद में कानून व्यवस्था की स्थिति बने। यूपी सरकार के यह फैसला चर्चा का विषय बन गया है. एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने इसकी आलोचना करते हुए कहा कि यह कदम मुसलमानों को यात्रा में भाग लेने से हाशिये पर धकेल सकता है. वहीं, स्वामी चक्रपाणि ने इस निर्देश की सकारात्मक कदम के रूप में प्रशंसा की है.
#Kavad Yatra 2024#UPNews#Muzaffarnagarnews#Muzaffarnagar News,







