देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क):  श्री गुरु राम राय महाराज को देहरादून का संस्थापक कहा जाता है। गुरु राम राय महाराज सिखों के सातवें गुरु गुरु हर राय के ज्येष्ठ पुत्र थे। उनका जन्म होली के पांचवें दिन वर्ष 1646 को पंजाब के जिला होशियारपुर (अब रोपड़) के कीरतपुर में हुआ था। देहरादून में हर साल आयोजित होने वाले श्री झंडेजी मेले में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है। यही वजह है कि हर देश-विदेश से संगत यहां पहुंचती हैं। श्री झंडेजी मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। संगतों ने श्री झंडा साहिब पर मत्था टेका और मन्नतें मांगी। संगतों ने श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। देहरादून में आयोजित होने वाला श्री झंडे जी मेले का अपना इतिहास है। इसके लिए पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित देश के अलग-अलग जगहों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु श्री दरबार साहिब पहुंचते हैं। श्री झंडे जी मेले के लिए श्री दरबार साहिब को विशेष रूप से सजाया गया है। 

हर वर्ष होली के पांचवें दिन दरबार साहिब में झंडेजी के आरोहण के साथ मेला शुरू होता है। 30 मार्च रामनवमी तक मेला चलेगा। बीते तीन-चार दिनों से उत्तराखंड के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश से संगत का दरबार साहिब पहुंचने का सिलसिला जारी है। महंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि मेले हमारे देश की विरासत और धरोहर हैं। मेलों में देश-विदेश के लोग एकजुट होकर अपनी कला, संस्कृति व संस्कारों का आदान प्रदान करते हैं। मेले हमें जोड़ने का कार्य करते हैं, आपसी सद्भाव और भाईचारे को बढ़ाने का काम करते हैं। देवेंद्र दास महाराज ने संगतों को बताया कि श्री झंडेजी मेले का इतिहास देहरादून के अस्तित्व से जुड़ा है। श्री गुरु राम राय महाराज का दून में आगमन 1676 में हुआ था। उन्होंने यहां के प्राकृतिक सौंदर्य से मुग्ध होकर ऊंची-नीची पहाड़ियों पर जो डेरा बनाया, उसी जगह का नाम डेरादीन से डेरादून और फिर देहरादून हो गया।

श्री झंडे जी के आरोहण के बाद आज मंगलवार को महंत देवेंद्र दास महाराज की अगुआई में श्री दरबार साहिब परिसर से नगर परिक्रमा शुरू हुई। परिक्रमा में शामिल होने के लिए 25 हजार से अधिक संगत पहुंची है। श्री झंडेजी मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। संगतों ने श्री झंडा साहिब पर मत्था टेका और मन्नतें मांगी। संगतों ने श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। वहीं, श्री झंडे जी मेले में दूर-दराज से आई संगतों ने जमकर खरीदारी की। वहीं, कुछ संगतें लौटनी भी शुरू हो गई हैं। मेला व्यवस्थापक केसी जुयाल ने बताया कि श्री झंडे जी के आरोहण के तीसरे दिन निकलने वाली नगर परिक्रमा के लिए बड़ी संख्या में देश-विदेश से संगतें श्री दरबार साहिब पहुंचती हैं। नगर परिक्रमा सहारनपुर चौक, कांवली रोड होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बिंदाल पहुंचेगी। यहां संगत को चने, मुरमुरे और गुड़ का प्रसाद वितरित किया जाएगा। यहां से तिलक रोड, टैगोर-विला, घंटाघर व यहां से पलटन बाजार होते हुए लक्खीबाग पुलिस चौकी से रीठा मंडी, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बांबे बाग पहुंचेगी। यहां संगत को गन्ने का प्रसाद बांटा जाएगा। इसके बाद ब्रह्मलीन श्रीमहंत साहिबान के समाधि स्थल पर मत्था टेकने के बाद नगर परिक्रमा सहारनपुर चौक होते हुए दोपहर 12 बजे श्री दरबार साहिब में संपन्न होगी।

#Dehradun Jhande JI Mela, #dehradunnews, #uttarakhandnews, #dehradun ,